कौशिक पब्लिक स्कूल में भव्य समर कार्निवल मेले का आयोज
नगर पंचायत इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)। कौशिक पब्लिक स्कूल में आज बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ समर कार्निवल मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए बच्चों और उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट, गुब्बारों, झंडियों और आकर्षक बैनरों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय और मनमोहक दिखाई दे रहा था।
मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और खेलों की व्यवस्था की गई थी। वहीं खाने-पीने के लिए भी कई आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें चाट, गोलगप्पे, समोसे, बर्गर, पाव-भाजी, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और जूस का बच्चों व अभिभावकों ने जमकर आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कर्णवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कार्यक्रम बच्चों को पढ़ाई के तनाव से दूर रखते हुए उनके सामाजिक, मानसिक और भावनात्मक विकास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना की।

विद्यालय की डायरेक्टर कनिका कौशिक ने कहा कि समर कार्निवल का उद्देश्य बच्चों को एक सुरक्षित, आनंददायक और शिक्षाप्रद वातावरण प्रदान करना है, जहाँ वे सीखने के साथ-साथ आनंद भी उठा सकें। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी आगंतुकों, सहयोगियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। यह समर कार्निवल मेला सभी के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
