कलियर थाने की पुलिस चौकी इमलीखेड़ा क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद, किसानों के ट्यूबवेल लगातार निशाने पर एक सप्ताह में ट्यूबवेलों पर चोरी की लगातार वारदात, केबल व स्टार्टर का सामान ले गए चोर; किसानों में बढ़ी चिंता
इमलीखेड़ा (सुमित सैनी)। नगर पंचायत इमलीखेड़ा क्षेत्र में किसानों के ट्यूबवेल लगातार चोरों के निशाने पर हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान क्षेत्र के कई किसानों के ट्यूबवेलों पर चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही वारदातों से किसानों में चिंता का माहौल है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत इमलीखेड़ा के वार्ड नंबर-3 स्थित माजरी गांव में चार दिन पहले चोरों ने किसान सुबोध सैनी और अनुज सैनी के ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोर ट्यूबवेल की केबल काटकर स्टार्टर में लगा सामान चोरी कर ले गए। किसानों की ओर से घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन किसानो का आरोप है कि अभी तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
अभी दों दिन भी नही गुजरे कि चोरों ने फिर माजरी गांव में तेलूराम सैनी और भरत सिंह के ट्यूबवेलों पर धावा बोल दिया। चोरों ने यहां भी ट्यूबवेलों में रखा सामान चोरी कर ले गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ खेतों की सिंचाई को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, नगर पंचायत इमलीखेड़ा निवासी अमित कुमार सैनी के ट्यूबवेल को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोर ट्यूबवेल के स्टार्टर में लगी केबल और अन्य सामान चोरी कर ले गए।किसानों का कहना है कि । ऐसे में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र में लगातार ट्यूबवेलों को निशाना बनाए जाने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं का खुलासा कर चोरों तक कब तक पहुंचती है।
