
इमलीखेड़ा (अनुज कुमार)। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बिहार निवासी एक युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसकी मां और बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फाइल फोटो
पुलिस को दी गई तहरीर में युवती ने बताया कि उसकी पहचान इमलीखेड़ा क्षेत्र निवासी मोहित नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद युवक ने उससे शादी करने का वादा किया। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर युवक ने करीब ढाई वर्ष तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने मेडिकल से दवा लाकर उसका गर्भपात करा दिया। युवती का कहना है कि इसके बाद आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे नजरअंदाज करने लगा।

आरोप है कि जब युवती आरोपी के घर पहुंची और शादी को लेकर बात की तो वहां मौजूद युवक, उसकी मां और बहन ने उसके साथ अभद्रता की तथा मारपीट की। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया गया।घटना से आहत युवती ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक, उसकी मां और बहन के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात कराने, मारपीट, धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
